100 से अधिक कॉलेज में मतदान, नैनीताल में निर्दलीय तो देहरादून में NSUI की जीत

उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं. सुबह से ही प्रदेशभर के कॉलेजों में वोटिंग जारी है और नतीजों का इंतजार बढ़ता जा रहा है. शाम तक ये इंतजार भी खत्म हो जाएगा. यहां जानें छात्र संघ चुनाव से जुड़ी हर अपडेट.उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं. प्रदेश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में वोटिंग जारी है. कुमाऊं यूनिवर्सिटी, एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी, श्रीदेव सुमन यूनिवर्सिटी और सोबन सिंह जीना यूनिवर्सिटी समेत 100 से ज्यादा कॉलेज इस चुनावी जंग में शामिल हैं. देहरादून और हल्द्वानी के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू हुई जो दोपहर 2 बजे तक चलेगी. इसके बाद 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और शाम तक नतीजे सामने आने लगेंगे. यहां जानिए छात्र संघ चुनाव से जुड़ी पल-पल की अपडेट.हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में हुए छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई ने जीत दर्ज की है. अध्यक्ष पद पर चिराग गुसांई ने जीत हासिल की. सचिव पद पर हर्षवर्धन जैन, उपाध्यक्ष पद पर मानसी डंगवाल और सहसचिव पद पर दीपांजल टम्टा विजयी रहे. इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के तौर पर अखिल रावत भी एनएसयूआई से चुने गए. वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के सुमित कुमार ने जीत दर्ज कर पार्टी की इकलौती मौजूदगी बनाई.पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में इस बार 10 साल बाद ABVP ने जोरदार वापसी की है. ABVP ने अध्यक्ष पद समेत विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है, जबकि NSUI को केवल सचिव पद पर संतोष करना पड़ा. लंबे समय तक NSUI का दबदबा रहने के बाद इस चुनाव में ABVP ने पांच प्रमुख पदों पर कब्जा किया है. अध्यक्ष पद पर विकास कुमार, उपाध्यक्ष पद पर आयुष चमोली, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अमित काला और सह सचिव पद पर भूमिका जोशी विजयी रहे. सचिव पद पर NSUI के अनुराग कंडवाल ने जीत दर्ज की. जीत के बाद ABVP ने कॉलेज से लेकर शहर में जश्न मनाया और विजय जुलूस निकाला.छात्रसंघ चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं, जिसमें देहरादून के MKP और DBS कॉलेज में NSUI ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. MKP कॉलेज में पूरे पैनल पर NSUI की जीत हुई है, जिसमें अध्यक्ष पद पर बिपाशा बिष्ट ने 181 वोट लेकर ABVP की शिवानी रावत (114 वोट) को हराया.



