Uttarakhand Weather: ऑरेंज अलर्ट…पहाड़ से मैदान तक तेज बारिश, कई जगह हाईवे बंद, अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा

मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जाने की हिदायत दी है।उत्तराखंड में आज पहाड़ से मैदान तक बारिश हो रही है। कई जगह हाईवे बंद हैं। वहीं, तेज बारिश से देहरादून में कई जगहों पर जलभराव भी हो गया है। उधर, देहरादून में आज स्कूल बंद रखे गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने भी आज बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 15 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है।वहीं, अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन का भी खतरा है। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कर्णप्रयाग में देर रात से लगातार बारिश जारी है। बारिश के चलते कमेड़ा गौचर स्लाइडिंग पर लगातार मलबा आने के कारण सड़क मार्ग बंद है। गढ़वाल को कुमाऊं से जोड़ने वाला नैनीताल हाईवे कर्णप्रयाग के पास पहाड़ी से हुए भूस्खलन के चलते जखेड़ में बंद है। वहीं, देर रात बारिश के चलते उमटा के पास मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बाधित हो गया था जिसे सुबह खोला गया। मलबा आने से वहां से गुजर रही एक टैक्सी वाहन मलबे में फंस गया। पीपलकोटी के भनेर पानी में बदरीनाथ हाईवे सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सुचारू हो गया है। हाईवे रविवार को शाम पांच बजे अवरुद्ध हो गया था। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। हाइवे खुलने पर दोनों ओर फंसे करीब 1000 लोगों को उनके गंतव्य को भेज दिया गया है।




