उत्तराखंडएक्सक्लूसिव न्यूज़

उत्तराखंड में 1347 एलटी शिक्षकों को किस दिन मिलेंगे नियुक्ति पत्र? आ गई डेट

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को 14 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को सूची सौंपी। गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में शिक्षकों का चयन हुआ है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर विद्यालय में विषयवार शिक्षक हों।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को 14 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। पटेलनगर स्थित राजकीय दून मेडिकल कालेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों सभी चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्हें प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रथम तैनाती दी जाएगी।

प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने बताया कि सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती को लेकर उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध करा दी है। इस क्रम में आयोग से चयनित 1347 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।इस संबंध में विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजकीय दून मेडिकल कालेज पटेलनगर के प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। विभागीय मंत्री ने बताया कि आयोग द्वारा घोषित भर्ती परिणाम को लेकर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। न्यायालय ने सभी वादों का निस्तारण कर 1347 पदों पर नियुक्ति देने के आदेश पारित किये हैं जबकि शेष पदों को रिजर्व रखने को कहा गया है।

गढ़वाल मंडल में 681 को मिलेगी नियुक्ति

आयोग की ओर से उपलब्ध सूची के तहत गढ़वाल मंडल में सामान्य व महिला शाखा में 681 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है। जिसमें हिंदी विषय में 112, अंग्रेजी में 98, संस्कृत में नौ, गणित में 66, विज्ञान व सामान्य विषय में 109-109, कला में 103, व्यायाम में 59, गृह विज्ञान में तीन, वाणिज्य में 11 व संगीत विषय में दो शिक्षक शामिल हैं।

कुमाऊं मंडल में 671 को मिलेगी तैनाती

कुमाऊं मंडल में सामान्य व महिला शाखा में 671 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है। जिसमें हिंदी विषय में 90, अंग्रेजी में 73, संस्कृत में 12, गणित में 89, विज्ञान में 88, सामान्य विषय में 128, कला में 127, व्यायाम में 45, गृह विज्ञान में आठ, संगीत में छह, उर्दू में एक व वाणिज्य विषय में चार शिक्षक शामिल हैं।

2100 बेसिक शिक्षकों को शीघ्र हाेगी नियुक्ति

डा. रावत ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराना है। विभाग लगातार शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्राथमिक शिक्षा विभाग में 2100 सहायक अध्यापकों व माध्यमिक शिक्षा विभाग में 800 से अधिक पदों पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button