करोड़ों की धोखाधड़ी में टीचर गिरफ्तार, सरकारी बचत योजनाओं के नाम पर मचाई लूट; पत्नी को बनाया क्राइम पार्टनर

देहरादून में पुलिस ने करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप में एक सरकारी अध्यापक जगमोहन सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी और उसकी पत्नी ने मिलकर माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए और फरार हो गए। पुलिस ने कंपनी के बैंक खाते सीज कर दिए हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले सहसपुर ब्लाक स्थित सरकारी स्कूल के अध्यापक जगमोहन सिह चौहान निवासी सटेन गजा थाना नरेंद्र नगर जनपद टिहरी गढ़वाल वर्तमान निवासी सरस्वती विहार नेहरु कालोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पत्नी के साथ मिलकर भोले भाले लोगों से माइक्रो फाइनेंस इंडिया एसोसिएशन कंपनी में करोड़ों रुपये जमा कराए और इसके बाद फरार हो गए। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि नेहरू कालोनी क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोगों ने शिकायत दी थी कि एक निजी फाइनेंस कंपनी संचालक ने उनसे अधिक का ब्याज का लालच देकर उनसे करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर दी है। इसके बाद वह आफिस में ताला लगाकर फरार हो गए। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए दो अक्टूबर को पुलिस ने खुद शिकायतकर्ता बनकर चौकी प्रभारी बाइपास प्रवीण पुंडीर की तहरीर पर नेहरू कालोनी में मुकदमा दर्ज किया गया।




