स्मार्ट मीटर और ट्यूबवेल बिल के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल, ऊर्जा भवन घेरने से पहले पुलिस ने रोका

डोईवाला: स्मार्ट मीटर के खिलाफ और ट्यूबवेल से सिंचाई बिल माफ करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज 21 अगस्त को भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने देहरादून कूच किया है. हालांकि पुलिस ने किसानों को डोईवाला टोल प्लाजा पर ही रोक लिया. किसानों की देहरादून के ऊर्जा भवन घेरने की योजना थी.
किसान नेता सुरेंद्र खालसा में बताया कि किसान केंद्र और राज्य सरकार की कई नीतियों से खफा हैं. उन्हीं नीतियों के खिलाफ आज सैकड़ों किसानों ने डोईवाला से देहरादून ऊर्जा भवन के लिए कूच किया था, लेकिन पुलिस ने किसानों को टोल बैरियर पर रोक लिया. पुलिस, किसानों को आगे नहीं बढ़ने दे रही है. इसीलिए किसानों ने टोल बैरियर पर धरना दे दिया.
सुरेंद्र खालसा ने कहा कि सरकार जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगा रही है, जिसका किसान विरोध कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने किसानों के लिए ट्यूबवेल से सिंचाई पर बिल माफ करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में ट्यूबवेल से सिंचाई पर बिल माफ है, लेकिन राज्य में किसानों को भारी बिल अदा करना पड़ रहा है. इसके साथ गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपए करने की मांग की है. साथ ही अन्य फसलों का दाम बढ़ाने की भी मांग की. इसके अलावा जंगली जानवरों से नुकसान होने वाली फसल का भी उचित मुआवजा दिया जाए.
वहीं भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सरकार किसानों को लगातार परेशान करने का काम कर रही है. जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं. इन मीटरों से गलत बिल आ रहे हैं. अगर किसानों के घरों में जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए, तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे.
वहीं नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने किसानों की मांगों को जायज बताया है. उन्होंने कहा कि जो पुराने मीटर हैं, वो सही रीडिंग दे रहे हैं. आज सरकार पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है. वे किसानों के साथ खड़े हैं.
बता दें कि गुरुवार को सैकड़ों किसान डोईवाला गुरुद्वारा में ट्रैक्टर लेकर इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए देहरादून के ऊर्जा भवन की ओर कूच किया, लेकिन किसानों को पुलिस ने लच्छी वाला टोल बैरियर पर ही रोक लिया. किसानों के देहरादून कूच को लेकर टोल बैरियर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा.




