सीएम धामी ने दी दीपावली की शुभकामना, स्वदेशी व स्थानीय उत्पादों को अपनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दीपावली को सुख-समृद्धि का प्रतीक बताते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को अपनाने पर जोर दिया ताकि स्थानीय कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को लाभ मिल सके। उन्होंने सभी से स्वदेशी उत्पादों से अपने घरों को रोशन करने की अपील की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा तथा भैयादूज की शुभकामनायें दी है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा है कि धनतेरस आरोग्यता के देव भगवान धन्वंतरी की पूजा का पर्व है। भगवान धन्वंतरी हम सबके जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता प्रदान करें इसकी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन पर्व को सुख, समृद्धि और संपन्नता का प्रतीक बताते हुए सभी प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश जी के आशीर्वाद से हम सभी के जीवन में सुख समृद्धि, शांति एवं आरोग्यता का संचार हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का यह पर्व केवल रोशनी, उत्साह और आनन्द का ही नही बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का भी प्रतीक है। दीपावली राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का भी पर्व है। प्रकाश का यह पर्व हम सब के जीवन में धन, वैभव, यश, एश्वर्य और सम्पन्नता लेकर आये इसकी भी मुख्यमंत्री ने कामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व सत्य, सद्भावना एवं मर्यादा का भी संदेश देता है। दीपों का यह पर्व भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के पश्चात वापस अयोध्या आने से भी जुड़ा है। दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक भी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गोवर्धन पूजा समाज एवं देश की आर्थिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक है। भैयादूज के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों, विशेष रूप से महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के आपसी प्रेम, मातृ शक्ति के सम्मान के साथ परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।




