दो दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट, बाढ़ का भी खतरा, देहरादून में कल स्कूल बंद

मौसम विभाग ने हिदायत देते हुए कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास न जाएं और आवश्यक न हो तो पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने से बचें।एक दिन की राहत के बाद दो दिन मौसम फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 13 और 14 अगस्त को देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 15 को भी अधिकतर जिलों में मौसम बिगड़ा रहेगा।मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया, 13 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन होने की भी आशंका है। हिदायत देते हुए कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास न जाएं और आवश्यक न हो तो पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने से बचें। वहीं, देहरादून में कल कक्षा एक से 12 तक और सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।




