Dehradun के सभी शैक्षिक संस्थानों में बनेगी एंटी रैगिंग कमेटी, तीन दिन के भीतर कमेटी बनाने के आदेश

देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में एंटी रैगिंग कमेटी का गठन किया जा रहा है। यह कमेटी शैक्षिक संस्थानों में रैगिंग की घटनाओं को रोकने के लिए बनाई जा रही है। अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने सभी संस्थानों को तीन दिन में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। संस्थानों को अपनी आंतरिक कमेटी भी बनानी होगी, जहाँ छात्र रैगिंग की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। पहले भी देहरादून में रैगिंग के कई मामले सामने आ चुके हैं।शैक्षिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं से होनी वाली रैगिंग की घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेश पर एंटी रैगिंग कमेटी बनाने की कसरत तेज हो गई है।
इंटरमीडिएट एवं डिग्री कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, प्रबंधन कालेज, मेडिकल कालेज एवं विश्वविद्यालयों में बनाई जाने वाली एंटी रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संस्थानों के प्राचार्य/प्रधानाचार्य, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी समेत स्वयंसेवी संस्था के पदाधिकारी कमेटी में सदस्य होंगे। डिग्री कालेजों में छात्रसंघ पदाधिकारी भी सदस्य के तौर पर कमेटी का हिस्सा रहेंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेश पर गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की ओर से सभी शैक्षिक संस्थानों एवं संबंधित विभागों को पत्र भेजकर तीन दिन में कमेटी का गठन करने को कहा गया है। दरअसल, सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से भी शासन को पत्र भेजकर शैक्षिक संस्थानों में एंटी रैगिंग कमेटी गठित करने को कहा गया था।इस पर शासन ने सभी जिलाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए एंटी रैगिंग कमेटी गठित करने व इसकी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जिलाधिकारी देहरादून ने कमेटी बनाने के क्रम में सभी शैक्षिक संस्थानों के लिए पत्र जारी करने के आदेश अपर जिलाधिकारी वित्त केके मिश्रा को दिए। अपर जिलाधिकारी मिश्रा ने बताया कि कमेटी बनाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। खासकर बोर्डिंग स्कूलों, मेडिकल कालेजों व इंजीनियरिंग-प्रबंधन कालेजों में इसका अनिवार्य रूप से अनुपालन कराया जाएगा।




