Haridwar News: गुरुकुल कांगड़ी में मारपीट, महामंत्री ने बाथरूम में घुसकर बचाई जान

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलाधिपति की नियुक्ति और संचालन को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य के विश्वविद्यालय पहुंचने पर जमकर हंगामा और मारपीट हुई, विनय आर्य को बाथरूम में घुसकर जान बचानी पड़ी। इस घटना से विश्वविद्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया।विनय आर्य अपने समर्थकों के साथ जब विश्वविद्यालय पहुंचे, तो उन्हें कर्मचारियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार की ओर से विश्वविद्यालय संचालन और कुलाधिपति की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक पत्र नहीं भेजा गया है। उन्होंने विनय आर्य से प्रशासनिक अधिकारियों का पत्र दिखाने की मांग की और उनके खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया।मामला तब और बिगड़ गया, जब दूसरा गुट भी वहां पहुंच गया। पहले तो कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई, फिर विनय आर्य के समर्थक और दूसरे गुट में झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल इतना गर्म हो गया कि दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। एक गुट के एक व्यक्ति की जमकर पिटाई की गई, और मामला बढ़ने पर विनय आर्य पर भी दूसरा गुट टूट पड़ा। बचाव के लिए उन्हें काफी समय तक बाथरूम में छिपना पड़ा।