दीपावली घर जाने के लिए लोगों की भारी भीड़, उत्तराखंड रोडवेज ने इन रूटों पर बढ़ाई बसें

उत्तराखंड रोडवेज ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली, बरेली, हल्द्वानी, मुरादाबाद और आगरा रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई हैं। दिल्ली रूट पर वाल्वो और साधारण बसों की संख्या बढ़ाई गई है। ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों ने बस न मिलने पर आईएसबीटी पर हंगामा किया, जिसके बाद उनके लिए बस की व्यवस्था की गई।रोडवेज ने यात्रियों की भीड़ की स्थिति को भांपते हुए दिल्ली रूट पर चार वाल्वो और दो साधारण बस बढ़ाई। इसी क्रम में बरेली के लिए तीन, हल्द्वानी दो, मुरादाबाद दो, आगरा रूट पर एक अतिरिक्त बस बढ़ाई है। सामान्य दिनों में इन रूटों पर वाल्वो एवं साधारण 62 बसें संचालित की जाती है। हालांकि पर्वतीय मार्गों के लिए रोडवेज के पास प्रयाप्त बसें नहीं है।
त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही शिक्षण संस्थानों की छुट्टियां भी होने लगी है। ऐसे में शुक्रवार को आइएसबीटी में विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस टिकट लेने के लिए यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण डिपो सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया सामान्य दिनों में 18 वाल्वो दिल्ली जाती है। लेकिन अब 22 वाल्वो संचालित की जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली रूट के लिए ही चार साधारण बसें संचालित की जाती है। जिनकी संख्या में बढ़ोत्तरी कर छह की गई है।




