पूर्व सैनिक सम्मेलन…सीएम ने की घोषणा, कहा- उत्तराखंड सैनिक कल्याण बोर्ड का जल्द होगा पुनर्गठन

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित एक पूर्व सैनिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के पुनर्गठन की घोषणा की।उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में पूर्व सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के सैनिक कल्याण बोर्ड के पुनर्गठन की घोषणा की। सीएम ने कहा कि हल्द्वानी, अल्मोड़ा और पौड़ी में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कार्यालय के लिए नए भवन व आवास भी बनाए जाएंगे।हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में आवेदन करने वाले पूर्व सैनिक व उनके परिवार के सदस्यों के लिए अधिकतम आयु छूट दो वर्ष की थी जिसे बढ़ाकर अब पांच साल किया जा रहा है। पूर्व सैनिक की मृत्यु पर उनकी अंतिम यात्रा सम्मानपूर्वक निकाली जाएगी। प्रदेश सरकार तत्काल दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी देगी।सीएम ने प्रदेश में 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर पूर्व सैनिक, सैनिक या उनके परिवार वालों को स्टांप ड्यूटी में भी 25 प्रतिशत का छूट देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहीद होने वाले सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न वीरता पुरस्कार की राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। सैनिकों के परिवार के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। निशक्त पूर्व सैनिक के अलावा सैनिक की विधवा को आवासीय सहायता के रूप में भी दो लाख रुपये दिए जाएंगे। देहरादून के मुनियाल में बना सैन्य धाम शहीदों के सम्मान की मिसाल है।




