Diwali 2025: धनतेरस पर चहकने को तैयार आटो बाजार, एडवांस बुकिंग को ग्राहकों की उमड़ी भीड़

धनतेरस और दीपावली के अवसर पर देहरादून का ऑटो बाजार उत्साहित है। लोग नया वाहन खरीदना शुभ मानते हैं, जिसके चलते वाहनों की एडवांस बुकिंग हो रही है। जीएसटी दरों में कमी के बाद नवरात्र और दशहरा पर अच्छी बिक्री हुई है। ऑटो कारोबारियों को इस त्योहारी सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। मारुति, हीरो और होंडा के वाहनों की अधिक मांग है।दीपावली के पांच दिवसीय त्योहारी सीजन की शनिवार को धनतेरस के साथ हो रही शुरुआत के साथ ही दून का आटो बाजार भी चहकने को तैयार है। यूं तो लोग सालभर ही नये वाहनों की खरीदारी करते रहते हैं, लेकिन नवरात्र से लेकर दीपावली तक शुभ-योग के कारण वाहनों की खरीदारी में एकदम उछाल आ जाता है। धनतेरस और दीपावली को लेकर तो दोपहिया से चौपहिया के शोरूमों में दो से तीन माह पूर्व ही वाहनों की एडवांस बुकिंग शुरू हो जाती है। इस बार भी ऐसा ही नजर आ रहा।
जीएसटी दरों में आई कमी के बाद नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ पर वाहनों की बंपर बिक्री और एडवांस बुकिंग के कारण आटो कारोबार से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। आटो कारोबारी इस त्योहारी सीजन में पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत अधिक बिक्री की उम्मीद लगा रहे हैं। धनतेरस से आरंभ हो रहे दीपावली के त्योहारी सीजन को लेकर डीडीपीएम ग्रुप के चेयरमैन हरीश सूरी ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को लेकर हुंडई, महिंद्रा के साथ ही फाक्सवैगन कंपनियों की 500 से अधिक कारों की एडवांस बुकिंग है। अब इनकी डिलीवरी होगी।फ्यूचर आटो व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अर्चित गोयल के अनुसार त्योहारी सीजन में पहली बार कार लेने वालों की संख्या काफी बढ़ी है। मारुति कंपनी में अल्टो के-10, स्विफ्ट और ब्रिजा कार सबसे पसंदीदा बनी हुई है।




