Maharashtra: रिश्वत लेते जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार; मुंबई हमले के आरोपी राणा की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ी

मुंबई में एक जूनियर इंजीनियर को 4.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार, एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने बृहस्पतिवार को दर्ज किया था। इसमें आरोप लगाया गया कि इंजीनियर ने एक शिकायतकर्ता की फर्म के लंबित बिलों को मंजूरी देने के लिए 5.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद मामला 4.5 लाख रुपये में तय हुआ। सीबीआई ने जाल बिछाकर गुरुवार को आरोपी को 4.5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। उसे गिरफ्तार कर मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 9 जून तक हिरासत में भेज दिया गया।देश की आर्थिक राजधानी में 17 साल पहले हुए आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को अदालत से राहत नहीं मिली है। नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने यह आदेश पारित किया। राणा को उसकी पिछली हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया था। इस बीच, राणा के वकील की ओर से उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिंता जताई की गई थी। इसके बाद कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन से 9 जून तक उनकी सेहत पर एक स्थिति रिपोर्ट मांगी है।




