UKSSSC Paper Leak: परीक्षा के दौरान आयोग ने ढके थे स्कूल के कैमरे, लेकिन ऐसा क्यों?

विकासनगर के सेपियंस स्कूल की निदेशक रश्मि गोयल ने यूकेएसएससी परीक्षा के दौरान अनियमितता की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि आयोग ने परीक्षा के दौरान स्कूल के कैमरों को ढककर अपने कैमरे लगाए थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरें भ्रामक हैं और परीक्षा नियमानुसार आयोजित की गई थी।
विकासनगर (देहरादून) । स्थानीय सेपियंस स्कूल में यूकेएसएससी परीक्षा के दौरान उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से स्कूल के कैमरों को ढक दिया गया था। इसके बदले यहां आयोग ने अपने कैमरे लगाए थे।
स्कूल की निदेशक रश्मि गोयल ने बुधवार को यह जानकारी दी। रश्मि गोयल ने बताया कि 21 सितंबर को हुई परीक्षा के संबंध में इंटरनेट मीडिया पर कुछ भ्रामक खबरें प्रसारित हो रही हैं। जबकि यह खबरें वास्तविकता से परे हैं। रश्मि गोयल ने पत्रकारों से जानकारी साझा करते हुए इस संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट की।
कहा कि वह विद्यालय निदेशक की हैसियत से पूरी जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों का खंडन करती हैं। वह इस बात को कतई नहीं मानतीं कि विद्यालय में परीक्षा के दौरान अनियमितता बरती गई और कैमरों पर काली पन्नी चढ़ाकर नकल कराई गई।




