उत्तराखंडएक्सक्लूसिव न्यूज़

देहरादून-मसूरी मार्ग बाधित:- पुल टूटने से मसूरी की बसों के पहिये थमे, इन वैकल्पिक मार्ग से कर सकते हैं यात्रा

देहरादून में शिव मंदिर के पास पुल टूटने से देहरादून-मसूरी मार्ग बाधित हो गया है जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन निगम की बसें बंद हैं और ऑनलाइन टिकटों का रिफंड किया जा रहा है। विकासनगर-यमुना पुल के रास्ते मसूरी की यात्रा की जा सकती है हालांकि यह मार्ग अधिक लंबा है।शिव मंदिर के पास पुल टूटने के बाद देहरादून-मसूरी मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद होने से मंगलवार को मसूरी जाने वाली परिवहन निगम की बसों के पहिये भी थम गए। पुल टूटने के बाद पुलिस-प्रशासन ने दून-मसूरी मार्ग पर कुठालगेट से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

इस कारण मंगलवार को देहरादून से मसूरी और मसूरी होकर आगे जाने वाली कोई भी बस सेवा संचालित नहीं हुई। यात्रियों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ी और वह वैकल्पिक मार्ग विकासनगर-यमुना पुल से मसूरी गए। बसों के लिए जिन यात्रियों की ओर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराए थे, उनकी धनराशि रिफंड की गई।देहरादून से मसूरी मार्ग के लिए परिवहन निगम की 30 बसें नियमित संचालित होती हैं। इनमें 25 बसें केवल देहरादून-मसूरी जबकि शेष बसें मसूरी होकर दूसरे पर्वतीय स्थलों तक जाती हैं। दून-मसूरी मार्ग पर संचालित 25 बसों को एक दिन में तीन ट्रिप यानी तीन बार लौट-फेर करती हैं।

इन बसों में साढ़े तीन से चार हजार यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं। मंगलवार को बसों के पहिये थमे रहे। यही नहीं, जो बसें मसूरी होकर चंबा और आगे जाती हैं, उनका संचालन भी बंद रहा। हालांकि, बड़कोट (उत्तरकाशी) व नैनबाग (टिहरी) की ओर जाने वाली बसों को विकासनगर-यमुना पुल होकर संचालित किया गया। इसके अतिरिक्त मसूरी मार्ग पर संचालित होने वाली निजी कंपनी विश्वनाथ सेवा की करीब 20 बसों के पहिये भी थमे रहे।पुलिस-प्रशासन के अनुसार वाहनों के लिए देहरादून-लंबीधार-किमाड़ी मार्ग भी बंद है। देहरादून से विकासनगर होते हुए यमुना पुल-कैंपटी फाल वाला मार्ग खुला हुआ है। यह मार्ग पक्का है, लेकिन इससे देहरादून की मसूरी के लिए दूरी दोगुने से भी अधिक हो जाएगी। वर्तमान में दून से मसूरी की दूरी करीब 35 किमी है, लेकिन वाहन विकासनगर होकर जाएंगे तो यह दूरी लगभग 80 किमी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button